scriptगर्मी में यदि घर के कूलर भी हो रहे हैं फेल तो ये तरीका आपके घर को रखेगा इतना ठंडा, मानों शिमला में हों… | How to make Cool your home in Summer without AC and Cooler | Patrika News
भोपाल

गर्मी में यदि घर के कूलर भी हो रहे हैं फेल तो ये तरीका आपके घर को रखेगा इतना ठंडा, मानों शिमला में हों…

पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मिली सफलता, शिद्दत से सहेज रखी है हरियाली…

भोपालJun 05, 2019 / 03:34 pm

दीपेश तिवारी

cool-cool home

गर्मी में यदि घर के कूलर भी हो रहे हैं फेल तो ये तरीका आपके घर को रखेगा इतना ठंडा, मानों शिमला में हों…

भोपाल। इन दिनों देश भर में तेज गर्मी पड़ रही है, ऐसे में व्यक्ति कम से कम घर में तो आराम चाहता ही है। लेकिन मध्यप्रदेश में तो इन दिनों बिजली की कटौती भी जारी है। तो ऐसे में कई इलेक्ट्रॉनिक आइटमस घर को ठंड़ा करने में काम ही नहीं कर पा रहे।
वहीं इन दिनों तो कई बार तापमान इतना ज्यादा हो जाता है कि एसी और कूलर भी फेल होते दिखाई पड़ते हैं। ऐसे में हम आज आपको घर को ठंडा बनाए रखने के कुछ उपाय बता रहे हैं।
घर ठंडा रखने के वैसे तो कई तरीके हैं, लेकिन आर्केटैक्चर के जानकार अजय गौतम का कहना है कुछ आसान उपाय अपनाकर आप गर्मियों में भी अपने घर को ठंडा-ठंडा,कूल-कूल बनाए रख सकते हैं…
cool home sweat home

गौतम के मुताबिक गर्मी के मौसम में जरूरी है घर को ठंडा बनाए रखना। घर ठंडा होने से गर्मियों से जुड़ी कई प्रॉब्लम्स से बचा जा सकता है।

यह सही समय है, जब आपको जरूरत है घर का मेकओवर करने की, उसे मौसम के अनुकूल बनाने की।

हल्के रंगों के प्रयोग से लेकर, फर्नीचर को सही जगह रखने जैसे कुछ आसान उपाय हैं, जिनकी मदद से आप अपने घर को गर्मियों के लिए तैयार कर सकती हैं

ये हैं उपाय: How to make Cool home e


1. डिजीटल प्रिंट की बेडशीट-पर्दे
समर सीजन में कॉटन की बेड-शीट्स अच्छी लगती हैं। कॉटन की बेडशीट को आसानी से वॉश किया जा सकता है। इसमें डिजीटल और फ्लोरल प्रिंट ज्यादा चलते हैं।


बेडशीट खरीदते वक्त यह ध्यान रखें कि इसकी लंबाई और चौड़ाई इतनी होनी चाहिए कि इसे मैट्रस के अंदर मोड़ना आसान हो। कमरों में लाइट कलर के पर्दे लगाएं।


हल्के रंग के पर्दे धूप से बचाते हैं। आप अपने कमरे में जितने लाइट कलर के पर्दे लगाएंगी, उतना ही आपका कमरा ठंडा होगा। कमरे में लाइट कलर के पिलो और बेडशीट का इस्तेमाल करें।

2. डेकोरेशन में ग्रीन कलर…
घर के वातावरण को पॉजिटिव बनाने के लिए डेकोरेशन में हरे कलर को प्राथमिकता दी जाती है। आप एनवायरनमेंट फ्रेंडली इंडोर प्लांट्स रखकर घर के वातावरण और वायु को फ्रेश रख सकती हैं।


इसके तहत घर में पर्याप्त ऑक्सीजन और ताजी हवा के लिए घर के अंदर हरे पौधे लगाएं। अगर आपके घर में बालकनी है, तो उसे कवर करने के बजाय खुला रखें और वहां अपने मनपसंद फूलों वाले पौधे लगाएं। इससे घर का वातावरण हेल्दी रहेगा।

 

3. घर पर करवाएं सफेद पेंट
सफेद पेंट काफी हद तक तापमान को नियंत्रित करता है, जिससे घर में गर्मी कम लगती है। अक्सर लोग घर में ऑइल बेस्ड पेंट करवाना पसंद करते हैं, जो महंगा पड़ता है। तापमान कम रखने के लिए वॉटर बेस्ड पेंट का इस्तेमाल करना चाहिए।

false selling
4. फॉल्स सीलिंग लगवाएं
अपने घर को अगर गर्मियों के मौसम में ठंडा रखना है तो छत पर फॉल्स सीलिंग लगवाना सबसे बढ़िया तरीका है। । इससे छत के नीचे एक और परत बनती है, जिससे कमरे में ठंडक बनी रहती है। फॉल्स सीलिंग से कमरे की खूबसूरती भी बढ़ती है।
5. रंग-बिरंगे फूल और हरी पत्तियों वाली सीनरीज
रंग-बिरंगे फूल, हरी पत्तियों वाली सीनरीज कमरे में लगाएं। इससे ठंडक का अहसास होगा। घर में ठंडक बनाए रखने के लिए कमरे में बिछे कालीन को हटा दें। इससे फर्श ठंडा रहेगा। गर्मी के दिनों में ठंडे फर्श पर नंगे पैर चलने से ठंडक महसूस होती है।

हरियाली हमेशा तापमान को कम करती है। इसलिए अपने घर के आंगन और बगीचे में ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाएं। घर के भीतर भी गमले रखें। इससे ठंडक बनी रहेगी। फूलों की मौजूदगी गर्मी में ताजगी का एहसास कराएगी।

6. छत पर करें पानी का छिड़काव…
घर को ठंडा रखने के लिए सुबह- शाम दोनों टाइम घर की छत पर पानी का छिड़काव करें। इससे घर की दीवारों का टेंपरेचर कम होगा।

7. बैंबू चिट रोकेगी गर्म हवा
घर के फर्नीचर को मौसम के हिसाब से सेट करें। गर्मियों में इनपर हल्के रंग के कवर लगाए। बेडरूम में बेड पर कॉटन की चादर बिछाएं। घर के मेन गेट और खिड़कियों पर बैंबू चिट लगवाएं। इससे गर्म हवा घर में नहीं घुस पाएगी।

 


8. इको फ्रेंडली घर
इको फ्रेंडली घरों को ऐसे तैयार किया जाता है कि अधिक से अधिक रोशनी और हवा घर में आ सके। अगर आप भी इकोफ्रेंडली घर बनाने की सोच रही हैं, तो इसमें रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, सोलर वॉटर हीटिंग सिस्टम, सीवेज ट्रीटमेंट प्लान आदि तरीकों पर भी फोकस कर सकते हैं।

इकोफ्रेंडली घर से केवल पैसे की बचत ही नहीं होती हैं, बल्कि ये घर को नेचरल ब्यूटी भी देते हैं। खास बात ये कि इस तरीके से घर बनाने में घर को बनाने की लागत 25 फीसदी तक कम हो जाती है।

यही नहीं, इको फ्रेंडली घर बनाने में समय भी बेहद कम लगता है। एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट के अनुसार, इस तरह के घरों से ग्रीन हाउस गैसों को 40 फीसदी तक कम किया जा सकता है और गर्मियों में ये कूल बने रहते हैं।

cool houses of mp

9. उपकरणों का रखें ख्याल
टेलीविजन, फ्रिज, माइक्रोवेव अवन आदि उपकरणों को जब इस्तेमाल नहीं कर रहे हों, तो बंद कर दें। ये उपकरण बिजली की ज्यादा खपत ही नहीं करते हैं, बल्कि गर्मी भी पैदा करते हैं। साथ ही घर में LED बल्ब लगाएं।


10. हर्बल गार्डन और ग्रीन स्पेस
इको फ्रेंडली घर में हर्बल गार्डन और ग्रीन स्पेस की सुविधा भी रहती है। यह घर आपकी जेब के आधार पर मुफीद होते हैं। घर के अंदर मौजूद नेगेटिव एनर्जी निकालने के लिए इंडोर पौधे लगाएं।

अपनी सुविधा के अनुसार कुछ खास पौधों को लगाकर आप अपने घर को बेहतर बना सकती हैं। एरेका पाल्म, लेडी पाल्म, बैंबू पाल्म, डरेकेना जैनेट क्रैग, इंग्लिश इवी, पीस लिली जैसे पौधे लगाने से आपके घर के अंदर का पॉल्यूशन खत्म हो जाएगा और पॉजिटिव एनर्जी का संचार होगा।

 

11. अपहोल्स्ट्री बदलें
गर्मियों में डार्क कलर्स की जगह पेस्टल रंग और फूलों वाले नेचरल प्रिंट्स सुखद अहसास देते हैं। अपने कमरे को गर्मियों के लिए तैयार करने के लिए कमरे को हल्के रंगों और ठंडक भरे प्रिंट्स वाली अपहोल्स्ट्री और कुशन कवर्स से सजाएं।

12. फर्नीचर को सही जगह रखें
मौसम के अनुरूप अपने फर्नीचर को भी सही जगह रखना जरूरी है। सर्दियों में जहां गुनगुनी धूप का अहसास सुखद होता है, वहीं गर्मियों में अपने फर्नीचर को ऐसी जगह रखना जरूरी हैं जहां सीधी धूप न पड़े। लो हाईट फर्नीचर, फ्लोर कुशन्स गर्मियों में बैठने के लिए अच्छा विकल्प हैं।

 

13. रोशनी और हवादार घर
घर को खुला रखें। घर जितना टाइट रहेगा, उतनी ज्यादा आपको गर्मी लगेगी। ऐसी कंपनी के रंग का चुनाव करें, जिस में सीसा और वीओसी हो ही न। वीओसी में फौर्मैलडिहाइड और ऐसिटैलडिहाइड जैसे खतरनाक केमिकल्स होते हैं, जो सांस नली को प्रभावित करते हैं।

 


14. घर हो हवादार
घर जितना हवादार होगा, उतना ही कूल रहेगा। सुबह-शाम घर के सभी खिड़की-दरवाजे खोल देने चाहिए। दोपहर में इन्हें बंद कर दें, ताकि गर्म हवा दूर रहे। हो सके तो घर में वेंटिलेशन फैन लगाएं, जो गर्म हवा बाहर फेंक देगा।

bhopal home

भोपाल में है ऐसे उदाहरण : जहां भीषण गर्मी में भी नहीं पड़ती एसी-कूलर की जरूरत….

वहीं भोपाल में प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नागालैंड और मणिपुर के पूर्व राज्यपाल ओएन श्रीवास्तव ने घर और आसपास इतनी हरियाली कर दी कि भीषण गर्मी भी बेअसर है।

वे बताते हैं कि असम से एक खास बेल लेकर आए थे। उसे घर के चारों ओर लगाया। सात साल में बेल ने पूरे घर को आच्छादित कर दिया।

उन्होंने घर के चारों ओर पेड़-पौधे लगाए हैं। ग्रीन बेल्ट में वन विकसित किया है। श्रीवास्तव ने केवल ऊपरी मंजिल के एक कमरे में एसी लगवाया है, लेकिन उसकी जरूरत नहीं पड़ती।

भोपाल में तापमान जहां 45 डिग्री के आसपास है, पर वे केवल पंखा ही चलाते हैं। हालांकि सर्दियों में उन्हें रूम हीटर चलाना पड़ता है, क्योंकि घर बहुत ठंडा हो जाता है।

श्रीवास्तव कहते हैं कि जितने ज्यादा पेड़-पौधे लगाएंगे उतना ही गर्मी का अहसास कम होता जाएगा। यह बात आम नागरिकों के साथ प्रशासन को भी समझनी चाहिए। सीमेंट के जंगल बनाने की बजाय पेड़-पौधों के जंगल लगाएं तो आने वाली पीढ़ी को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

Greenery

इधर,रिटायर्ड वन अधिकारी का प्रकृति को रिटर्न गिफ्ट: कॉलोनी बनाई हरी-भरी…

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित साधना एन्क्लेव निवासी वाय. सत्यम ने कॉलोनी को हरा-भरा बना दिया। वे रिटायर्ड पीसीसीएफ हैं। वर्ष 2014 में जब वे चार इमली से यहां शिफ्ट हुए तो कॉलोनी मरुस्थल के समान थी।


उन्होंने कॉलोनी में पौधरोपण की योजना बनाई। इसके बाद 12 हजार वर्गफीट जगह पर अलग-अलग प्रजाति के पौधे रोपना शुरू कर दिए।

सत्यम ने अपने पैसों से कॉलोनी में खाली पड़े हर प्लॉट के सामने दो छायादार पौधे लगाए, जो अब पेड़ बन गए हैं। सत्यम की चार साल की मेहनत ने करीब 300 पेड़ खड़े कर दिए।

यहां की हरियाली देखकर आसपास की कॉलोनियों के लोग इसे ग्रीन वॉकिंग जोन कहने लगे। कई लोग इस ग्रीन जोन में घूमने आते हैं। उनका कहना है कि अन्य कॉलोनियों में भी ऐसे प्रयास होना चाहिए।

सत्यम के मुताबिक यह प्रकृति को रिटर्न गिफ्ट है। पेड़ों के कारण भीषण गर्मी में भी बढ़े हुए तापमान का अहसास नहीं होता है। इस तरह का प्रयास हर व्यक्ति को करना चाहिए।

Home / Bhopal / गर्मी में यदि घर के कूलर भी हो रहे हैं फेल तो ये तरीका आपके घर को रखेगा इतना ठंडा, मानों शिमला में हों…

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो